बापूधाम महोत्सव के तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, मंत्री श्रवण कुमार ने किया उद्घाटन


मोतिहारी। बापूधाम महोत्सव के तीसरे दिन आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार, राजू तिवारी, विधान पार्षद डॉ. खालिद अनवर, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, जदयू जिलाध्यक्ष भरत पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

उद्घाटन के अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने चंपारण की धरती को नमन करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। चंपारण की धरती ने ही महात्मा गांधी को ‘बापू’ बनाया, जहां उन्होंने सत्याग्रह का पहला सफल प्रयोग किया था।

उन्होंने मोतिहारी सांसद राधा मोहन सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा बापूधाम महोत्सव की बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि चंपारण के स्थानीय विधायक और सभी जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास और उन्नति के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2020 से 2025 के बीच करीब 11 लाख लोगों को सरकारी नौकरी मिली, जबकि 40 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 से 2030 की अवधि में सरकार ने एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार को विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बिहार में करीब 40 हजार महिलाओं की पुलिस विभाग में भर्ती को उन्होंने महिला सशक्तीकरण का उदाहरण बताया।

मंत्री ने कहा कि चंपारण के लोगों के सहयोग, प्रेम, भाईचारे और आपसी मेल-मिलाप से राज्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बापूधाम महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रमोद कुमार, राजू तिवारी और विधान पार्षद डॉ. खालिद अनवर ने भी महोत्सव में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित किया। नरकटिया विधायक विशाल कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post