औरंगाबाद, 3 सितंबर। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने UGC कानून को लेकर बड़ा बयान दिया है। औरंगाबाद में उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय के अधीन है, लेकिन जिन लोगों ने मोदी-मोदी का नारा लगाकर भाजपा को वोट दिया है, उन्हें इस मुद्दे पर भाजपा के नेताओं से जवाब मांगना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने औरंगाबाद के कार गैंगरेप मामले को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पटना में एक बच्ची को उसके पिता के सामने होटल से जबरदस्ती पकड़ा जा रहा था, लेकिन सरकार, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और संबंधित क्षेत्र के सांसद की ओर से इस मामले पर कोई बयान नहीं आया।
उन्होंने कहा कि यदि लोगों ने अपराधियों, माफिया और भ्रष्ट लोगों को चुनाव जिताया है तो उन्हें अच्छी सरकार की बात करने का अधिकार नहीं है। प्रशांत किशोर ने सरकार की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को अपने प्रतिनिधियों से जवाब मांगना चाहिए।
2047 तक विकसित भारत के वादे पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य पर भी प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि 2047 में कौन जीवित रहेगा, जो विकसित भारत को देखने के लिए मौजूद होगा। उन्होंने कहा कि खुद प्रधानमंत्री ने कहा है कि विकास अभी चाहिए, क्योंकि 2047 में कौन इसे देखने के लिए रहेगा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि वर्तमान में लोगों के सामने रोजगार, शिक्षा और भोजन जैसी बुनियादी समस्याएं हैं। उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे का भी जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को आज नौकरी और पढ़ाई की जरूरत है, जबकि परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं और लोगों को खाने तक के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारों को भविष्य के बड़े वादों के बजाय वर्तमान में जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।