बेतिया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से 3 सितंबर को नगर निगम सभागार, बेतिया में सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर निगम बेतिया की महापौर गरिमा देवी सिकारिया सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मी, सोलर वेंडर, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
मेले में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्य, लाभ और प्रावधानों की जानकारी दी। उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली बिल में कमी के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
मेले में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, आवेदन एवं पंजीकरण, योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं, ऋण और अनुदान से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। विभिन्न सोलर वेंडरों और संबंधित संस्थानों ने भी उपभोक्ताओं का मार्गदर्शन किया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बैंक की ओर से कई इच्छुक उपभोक्ताओं को तत्काल ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराने के लिए आवेदन एवं पंजीकरण कराया। योजना के प्रति लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्युत विभाग द्वारा अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। जिले में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को इससे जोड़ने का लक्ष्य है। सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना से बिजली बिल में कमी आएगी और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला के माध्यम से नागरिकों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना तथा ऋण एवं अनुदान से संबंधित जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इच्छुक उपभोक्ताओं को आवेदन एवं पंजीकरण में आवश्यक सहयोग देने तथा लगातार जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता मदन कुमार, बगहा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारी, मधुबनी, बेतिया, मझौलिया, चनपटिया, नरकटियागंज, बगहा, रामनगर एवं सिकटा के सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ना और उन्हें स्वच्छ, सस्ती एवं टिकाऊ ऊर्जा के प्रति जागरूक करना था। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया द्वारा योजना के प्रचार-प्रसार और इच्छुक उपभोक्ताओं को आवश्यक सहयोग देने के लिए आगे भी जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही गई।