सेनुवरिया पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में पहल, वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन
बेतिया। मझौलिया प्रखंड की ग्राम पंचायत राज सेनुवरिया में नवनिर्मित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट) का उद्घाटन जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुखिया ज्योति श्रीवास्तव, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया और इसके संचालन, कचरा संग्रहण तथा अपशिष्ट के उचित प्रबंधन की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इकाई का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट का उचित प्रबंधन जरूरी है। अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के माध्यम से पंचायत में उत्पन्न कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण और निस्तारण किया जा सकेगा। इससे पंचायत को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी और कचरे से उपयोगी संसाधनों को अलग कर उनका बेहतर इस्तेमाल भी संभव होगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंचायत के हर घर से नियमित कचरा संग्रहण, कचरे को निर्धारित स्थान पर देने और गीले तथा सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाना आवश्यक है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के प्रभावी संचालन से कचरा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत होगी और सेनुवरिया पंचायत को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ पंचायत के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पंचायत को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इकाई का नियमित संचालन सुनिश्चित करते हुए कचरा संग्रहण और प्रसंस्करण की पूरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि सरकार की स्वच्छता संबंधी योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके।