ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उनके टोले में पहुंच रहा प्रशासन : जिला पदाधिकारी



संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत सेनुवरिया में विकास शिविर, दर्जनों ग्रामीण हुए लाभान्वित

बेतिया। गुरु संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर ‘गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’ के तहत मझौलिया प्रखंड की सेनुवरिया पंचायत के वार्ड संख्या-12 में ‘संत रविदास विकास शिविर’ का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।

शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया। दर्जनों ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में ग्रामीणों को उनके टोले एवं पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की किसी योजना का लाभ लेने में यदि किसी ग्रामीण को परेशानी हो रही है या किसी प्रकार की समस्या है, तो शिविर में अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसका समाधान कराया जा सकता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

जिला पदाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से अनिवार्य रूप से जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने की स्थिति में पेंशन भुगतान प्रभावित हो सकता है। पंचायत सरकार भवन में पहले से ही जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा विकास शिविर में भी कार्यपालक सहायक आवश्यक संसाधनों के साथ मौजूद रहे, जहां पेंशनधारी अपना जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आवास योजना, शौचालय योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए उनके टोले में ही विकास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं एवं जरूरतों से प्रशासन को अवगत कराने की अपील की गई।

शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ।

एक ग्रामीण ने क्षेत्र में विवाह भवन बनाने की मांग रखी। इस पर जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

शिविर में मुखिया ज्योति श्रीवास्तव, प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष अशोक पटेल, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन, सरपंच नरेश राउत सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post