बेतिया, 3 सितंबर। पश्चिम चम्पारण जिले में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास समिति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू, सदस्य बिहार विधान परिषद सह अध्यक्ष, आपदा प्रबंधन पुनर्वास समिति, बिहार ने की। बैठक में विधान पार्षद सह समिति के समन्वयक सौरभ कुमार समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में बाढ़ एवं अन्य संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास की रणनीति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्राथमिकता लोगों के जीवन की रक्षा कर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। राहत कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक लापरवाही नहीं होने देने की बात कही।
वहीं, समिति के समन्वयक सौरभ कुमार ने आपदा प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री और पुनर्वास के लिए उपलब्ध संसाधन बिना किसी बाधा के जरूरतमंदों तक पहुंचने चाहिए। तटबंधों की सुरक्षा और राहत शिविरों की पूर्व तैयारी को उन्होंने प्राथमिकता बताया।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
- जिले के संवेदनशील तटबंधों की तत्काल मरम्मत एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करना।
- बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित आश्रय स्थलों और सामुदायिक रसोई के लिए स्थानों का पूर्व निर्धारण करना।
- सिसई पंचायत, मधुबनी में आवश्यक कटाव निरोधी कार्य कराने तथा कटाव की लगातार निगरानी करना।
- राहत सामग्री, दवाइयों एवं पशु चारे का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करना।
- बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखना।
बैठक के अंत में अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा प्रबंधन शाखा, बेतिया एवं बगहा के अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।