उपमुखिया समेत दो को गोली मारने के मामले में चार पर प्राथमिकी

--- मुखिया पति समेत दो गिरफ्तार     बगहा : भैरोगंज थाना क्षेत्र के कपरधिका कुष्ठ आश्रम के समीप बुधवार की शाम हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में भैरोगंज पंचायत के मुखिया पति मुन्ना दास व उसके चालक संजय यादव को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
गोलीबारी में भैरोगंज पंचायत के उपमुखिया सह वार्ड सदस्य अशोक दास और वार्ड संख्या छह के वार्ड सदस्य पति राधेश्याम राम घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब छह बजे अशोक दास व राधेश्याम राम कपरधिका कुष्ठ कॉलोनी के पास बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने दोनों पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के विरोध में गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने कपरधिका कुष्ठ आश्रम के सामने हरिनगर-कपरधिका मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर बगहा एसडीपीओ निहार भूषण समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच लोगों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटाया गया। घटना को लेकर भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष इस्तेहाक अहमद भी समर्थकों के साथ भैरोगंज थाना पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच व सभी आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की। एसडीपीओ ने बताया कि मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मामले में भैरोगंज थाना कांड संख्या 135/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post