धौनी एवं मोरामा में श्रद्धा के साथ हुआ संत रविदास पवित्र मिट्टी कलश वंदन, सामाजिक समरसता का लिया संकल्प

​रजौन, बांका :-संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य पर संपूर्ण क्षेत्र व राज्य भर में सामाजिक समरसता और जनजागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी राष्ट्रव्यापी व राज्यस्तरीय अभियान की कड़ी में बुधवार (9 सितंबर) को रजौन दक्षिणी मंडल अंतर्गत धौनी-बामदेव पंचायत के धौनी एवं मोरामा-बनगांव पंचायत के मोरामा गांव में भव्य कलश वंदन कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर संत शिरोमणि रविदास जी की पावन जन्मभूमि काशी (बनारस) से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश का ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विधिवत पूजन व वंदन किया गया। पवित्र मिट्टी कलश के आगमन से पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह देखने को मिला, जहां सभी ने संत रविदास के सामाजिक सद्भाव, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य डॉ. सुग्रीव दास ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जगह-जगह मनाए जा रहे ये कार्यक्रम समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहे हैं। उनका संपूर्ण जीवन समाज में समानता, सम्मान और बंधुत्व की प्रेरणा देता है तथा उनके विचारों को आत्मसात कर ही एक ऐसे समतामूलक समाज का निर्माण संभव है, जहां किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामाजिक समरसता केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और राष्ट्र को मजबूत बनाने का एक पावन संकल्प है, और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना ही गुरु रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ​इस अवसर पर भाजपा के रजौन दक्षिणी मंडल अध्यक्ष नितेश कुमार उर्फ बंटी साह, वरिष्ठ नेता निरंजन चौधरी, प्रदीप कुमार चौधरी, अशोक रजक एवं सुमन कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने संत रविदास जी महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए समाज में आपसी प्रेम, सम्मान और समरसता को और अधिक सुदृढ़ करने का सामूहिक संकल्प लिया।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post