मुजफ्फरपुर, 2 सितंबर। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने डस्टबिन खरीद मामले को लेकर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के साथ पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव की भूमिका की भी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि डस्टबिन की खरीद की प्रक्रिया तेजस्वी यादव के स्वास्थ्य मंत्री रहते शुरू हुई थी, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि डस्टबिन खरीद मामले में यदि अनियमितता हुई है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस अवधि में खरीद की प्रक्रिया शुरू हुई, उस समय स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी तेजस्वी यादव के पास थी। ऐसे में मामले में उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
दिल्ली में मंत्री से जुड़ी कथित घटना पर भी टिप्पणी
प्रशांत किशोर ने दिल्ली में बिहार सरकार के एक मंत्री से जुड़ी कथित घटना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि एक मंत्री पर दिल्ली में एक लड़की से छेड़खानी करने का आरोप लगा और कथित तौर पर लोगों ने उनके साथ जूता-चप्पल से मारपीट की।
उन्होंने बिहार सरकार के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार के मुखिया का चरित्र ही दागदार और आपराधिक छवि वाला हो, तो सरकार के मंत्री, विधायक, व्यवस्था से जुड़े लोगों और अधिकारियों से इस तरह की घटनाओं की बातें सुनने को मिलती रहेंगी।
प्रशांत किशोर ने इन मामलों को लेकर सरकार की कार्यशैली और जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए संबंधित मामलों की जांच और कार्रवाई की मांग की।