रजौन, बांका: बांका जिले का महत्वपूर्ण रजौन थाना इन दिनों प्रशासनिक फेरबदल को लेकर सुर्खियों में है। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार द्वारा बुधवार की रात्रि जारी ताजा जिलादेश के तहत पुलिस केंद्र, बांका में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक अभय शंकर को रजौन थाना का नया पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष महज 9 महीने के भीतर रजौन थाना की कमान संभालने वाले अभय शंकर तीसरे थानाध्यक्ष होंगे। इससे पूर्व वर्ष की शुरुआत में तत्कालीन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के स्थान पर फरवरी माह में बौंसी से स्थानांतरित होकर पुलिस निरीक्षक राज रतन रजौन के थानाध्यक्ष बने थे। हालांकि, पुलिस महानिदेशक कार्यालय के निर्देश पर उन्हें 1 जुलाई को पटना स्थित साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई में योगदान देने हेतु रजौन से विरमित कर दिया गया था। इसके बाद बांका साइबर थाना से पुलिस निरीक्षक महेश कुमार को रजौन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। महेश कुमार का कार्यकाल बेहद संक्षिप्त रहा और हालिया विवादों के चलते पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से उनका तबादला मुजफ्फरपुर कर दिया। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित जिम में स्टाफ के साथ मारपीट और तिलकामांझी चौक पर हुए हंगामे में महेश कुमार की पत्नी व एक अन्य कर्मी का नाम सामने आने के बाद डीजीपी ने मामले का संज्ञान लिया था। विवाद बढ़ने तथा पूर्व की पोस्टिंग से जुड़े तथ्यों की समीक्षा के बाद पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाते हुए महेश कुमार को मुजफ्फरपुर भेज दिया और बांका एसपी द्वारा उन्हें विरमित भी कर दिया गया। लगातार हो रहे बदलावों के बीच अब पुलिस निरीक्षक अभय शंकर के कंधे पर रजौन थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को पटरी पर लाने, अपराध नियंत्रण और आम जनता में पुलिस का विश्वास सुदृढ़ करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
रिपोर्ट:-केआर राव