बांका: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने तथा अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने पुलिस निरीक्षक स्तर के रिक्त पड़े थानाध्यक्ष पदों को भरने और विधि-व्यवस्था के संधारण को ध्यान में रखते हुए 8 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नई पदस्थापना कर दी है। जारी जिलादेश के अनुसार चांदन थाना के थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती को अब कटोरिया थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि बेलहर थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी विजयेंद्र कुमार को वहीं का थानाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस केंद्र बांका में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक अभय शंकर को रजौन थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। शंभुगंज के थानाध्यक्ष आसिफ अख्तर को जमदाहा बाजार ओपी का थानाध्यक्ष और जमदाहा बाजार ओपी के थानाध्यक्ष रणतेज भारती को बंधुआकुरावा थाना का थानाध्यक्ष पदस्थापित किया गया है। वहीं चांदन थाना के कनिष्ठ अवर निरीक्षक रवि कुमार को पदोन्नत करते हुए चांदन थाना की कमान सौंपी गई है, जबकि बंधुआकुरावा के थानाध्यक्ष शैलेश कुमार को स्थानांतरित कर पुलिस केंद्र बांका भेजा गया है तथा बाराहाट के कनिष्ठ अवर निरीक्षक प्रभाकर कुमार को शंभुगंज का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। दो वर्ष से कम सेवा अवधि वाले पदाधिकारियों के स्थानांतरण के संबंध में भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार से दूरभाष पर अनुमति ली गई है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को गृह विभाग के नियमों के तहत विभागीय व न्यायिक कार्रवाई से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्र कार्यालय में जमा करने और बिना किसी विलंब के अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
रिपोर्ट:- केआर राव