रजौन, बांका: रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजावर गांव में बारिश के पानी की निकासी को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जहां पड़ोसियों ने एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी पर लोहे की खंती से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के संबंध में राजावर निवासी पीड़िता पार्वती देवी (28 वर्ष), पति सुरेंद्र मंडल की लिखित शिकायत पर रजौन थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बीते 1 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे पार्वती देवी अपने घर पर थीं। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले गौरव मंडल और उसके पिता अरुण मंडल उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब महिला ने गाली देने का विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने हाथ में ली हुई लोहे की खंती से सीधे उनके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। मां को खून से लथपथ देख जब उनकी बेटी सपना कुमारी बीच-बचाव करने दौड़ी, तो आरोपियों ने बेरहमी से उसके सिर पर भी खंती से वार कर दिया, जिससे उसका भी सिर फट गया और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। शोरगुल सुनकर पीड़िता के पति सुरेंद्र मंडल मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चकती (लॉकेट) भी छीन ली और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। विवाद की मुख्य वजह बारिश के पानी का जमाव बताई जा रही है; पीड़िता के अनुसार उन्होंने बारिश के पानी के लिए अपने परिसर में गड्ढा खोद रखा था, जिस पर आरोपियों का आरोप था कि वह पानी उनके घर की तरफ आ रहा है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौन थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 118(1), 109, 303(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने मामले के अनुसंधान का जिम्मा एसआई संजय कुमार प्रसाद को सौंपा है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
रिपोर्ट: केआर राव