चनपटिया। आदित्य कुमार हत्याकांड में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कुड़िया कोठी चौक पर शव रखकर बेतिया-चनपटिया मुख्य मार्ग जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे परिजनों का कहना था कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ अजीत कुमार और कुमारबाग थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई करने तथा आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।