बांका में रविवार दोपहर दो दर्दनाक हादसे: अलग-अलग स्थानों पर डूबने से बुजुर्ग और मैट्रिक छात्र की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

​रजौन,बांका '- प्रखंड क्षेत्र में रविवार की दोपहर उस वक्त मातम में बदल गई, जब लगभग एक ही समय पर दो अलग-अलग जगहों पर पानी में डूबने से दो लोगों की असामयिक मौत हो गई। संयोग कहें या दुर्भाग्य, दोनों ही घटनाएं दोपहर करीब एक बजे के आसपास हुईं। पहली घटना प्रखंड की खैरा पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर एक स्थित सिमरौंधा गांव की है, जहां 90 वर्षीय बुजुर्ग नरेश मंडल की गांव के ही तालाब में डूबने से जान चली गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार एवं डॉ. सुजीत कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक नरेश मंडल की पत्नी शीला देवी का पहले ही निधन हो चुका है; वह अपने पीछे चार पुत्रियों- अनिता, सुनीता, माधुरी और सुमन देवी को रोते-बिलखते छोड़ गए हैं। अस्पताल पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया, जहां सरपंच उत्तम कुमार शर्मा और वार्ड सदस्य फंटूश कुमार ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढाढ़स बंधाया। सूचना मिलते ही रजौन थाने के सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार एवं चौकीदार गौरी पासवान ने सीएचसी पहुंचकर परिजनों का फर्द बयान दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया। वहीं दूसरी हृदयविदारक घटना धनकुंड व नवादा थाना क्षेत्र की सीमा पर बहने वाली कोल्हनी नदी में घटी, जहां नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से कोतवाली निवासी स्वर्गीय अरुण कुमार सिंह के 14 वर्षीय पुत्र दानिश कुमार की डूबने से मौत हो गई। दानिश मैट्रिक का छात्र था और दो भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। ग्रामीणों के अनुसार वह काफी मिलनसार व होनहार बालक था और सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था। उसकी असमय मौत की खबर से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है। घटना के बाद धनकुंड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। धनकुंड थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राजकुमार साह ने बताया कि दानिश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जिसके बाद परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया गया है। ​दोनों ही घटनाओं के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post