रजौन,बांका :- अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ बांका जिला प्रशासन का कड़ा रुख लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला खनन विभाग की टीम ने रजौन थाना पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए रजौन थाना क्षेत्र स्थित चांदन नदी के प्रतिबंधित कैथा घाट से बीते शनिवार की दोपहर अवैध बालू लदी एक जुगाड़ गाड़ी को जब्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार खनन विभाग और पुलिस बल द्वारा कैथा घाट इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया था। टीम को देखते ही धंधेबाज मौके से भागने में सफल रहे। तलाशी के दौरान पकड़ी गई जुगाड़ गाड़ी पर बोरियों में रखी करीब 130 घनफीट अवैध बालू लदा पाया गया। खनन व परिवहन से संबंधित कोई भी वैध कागजात या चालान मौजूद नहीं होने के कारण जुगाड़ गाड़ी को जब्त कर रजौन थाने में सुरक्षार्थ रखवा दिया गया है। मामले में खनन विभाग की ओर से अज्ञात वाहन मालिक और चालक के खिलाफ खनन अधिनियम व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित घाटों से बालू के अवैध उठाव में संलिप्त किसी भी माफिया या धंधेबाज़ को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट:- केआर राव