अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता-2026 के मस्कट ‘सुंसार’ का अनावरण


बेतिया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता-2026 की तैयारियों के बीच शनिवार को प्रतियोगिता के आधिकारिक मस्कट ‘UNSAR – The Gangetic Dolphin’ (सुंसार) का अनावरण किया गया। सीमांत पटना के महानिरीक्षक, अधिकारियों और बलकार्मिकों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में सशस्त्र सीमा बल, बेतिया के उप-महानिरीक्षक हरी प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा में आर.एस.डब्ल्यू.पी. (R.S.V.P.) के तहत 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के निरीक्षक गोपी गुप्ता का नाम शामिल रहा।
अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 अक्टूबर 2026 तक जिला खेल परिसर, बेतिया स्थित खेल भवन एवं टाउन हॉल में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया और 65वीं वाहिनी, बेतिया को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।
मस्कट ‘सुंसार’ बिहार की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और गंगा नदी में विचरण करने वाली विलुप्तप्राय गंगा डॉल्फिन से प्रेरित है। इसे खेल भावना, ऊर्जा, उत्साह, साहस और सामूहिकता का प्रतीक बनाया गया है। गंगा की लहरों के बीच अपनी सहज गति और संवेदनशीलता के लिए पहचानी जाने वाली डॉल्फिन को प्रतियोगिता के मस्कट के रूप में चुनना बिहार की प्रकृति और खेल संस्कृति के सुंदर संगम को भी रेखांकित करता है।
समारोह के दौरान कहा गया कि जिस तरह गंगा डॉल्फिन अपनी अद्भुत गति और स्मरण शक्ति के साथ जलधारा को चीरते हुए आगे बढ़ती है, उसी तरह खेल प्रतियोगिता भी खिलाड़ियों के भीतर नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करेगी। ‘सुंसार’ न केवल प्रतियोगिता की विशिष्ट पहचान बनेगा, बल्कि मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ियों के जोश, जुझारूपन और खेल भावना का भी प्रतिनिधित्व करेगा।
कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल की ओर से भारत-नेपाल और भारत-भूटान की खुली एवं संवेदनशील सीमाओं की सुरक्षा के साथ स्थानीय नागरिकों के साथ कायम किए जा रहे सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंधों पर भी प्रकाश डाला गया। बल की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा, खेल और कौशल विकास जैसी नागरिक कल्याण गतिविधियों के माध्यम से लोगों के साथ विश्वास और आत्मीयता का सेतु मजबूत किया जा रहा है।
समारोह में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कठिन और विषम परिस्थितियों में सीमा की निगरानी एवं सुरक्षा का दायित्व निभाने वाले जवानों के जीवन में खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। खेल शरीर को चुस्त रखने के साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता को भी मजबूत करते हैं। मैदान पर सामूहिक प्रयास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता जवानों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।
अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता-2026 को लेकर बेतिया में खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों के बीच उत्साह का वातावरण है। तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता न केवल खेल कौशल और जज्बे की परीक्षा होगी, बल्कि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर निखारने का अवसर भी प्रदान करेगी।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post