रजौन,बांका :- गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल मुहैया कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को रजौन प्रखंड में 'प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस' का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रजौन और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) नवादा में कुल 390 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां दी गईं। शिविर के दौरान रजौन सीएचसी में 312 और एपीएचसी नवादा में 78 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं के ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर, हीमोग्लोबिन और वजन की जांच की। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (एचआरपी) के मामलों की पहचान कर उन्हें विशेष चिकित्सकीय सलाह दी गई। जांचोपरांत सभी महिलाओं को जरूरी मेडिकल किट, दवाइयां और पौष्टिक आहार पूरी तरह निःशुल्क वितरित किया गया। रजौन सीएचसी में शिविर का संचालन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार की देखरेख में हुआ। इस दौरान प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अल्पना सिंह, डॉ. कुमारी अर्चना प्रसाद, डॉ. राजशिला, बीसीएम विष्णुदेव कापरी सहित एएनएम और स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रहे। वहीं नवादा एपीएचसी में डॉ. खालिद रिजवान के नेतृत्व में स्वास्थ्य दल ने सेवाएं दीं। शिविर में दूर-दराज के गांवों से आने वाली महिलाओं की मदद में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही। भीड़ को व्यवस्थित रखने और कतारबद्ध तरीके से जांच सुनिश्चित करने में सुरक्षाकर्मियों ने भी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रिपोर्ट:-केआर राव