रजौन में बेखौफ बाइक चोर गिरोह का आतंक: एक ही दिन में शाम 4 बजे दो अलग-अलग जगहों से बाइक चोरी, CCTV फुटेज में कैद हुए चोर

​रजौन, बांका: रजौन थाना क्षेत्र में बाइक चोर गिरोह का आतंक चरम पर पहुंच गया है, जहां मंगलवार की शाम करीब 4 बजे अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग व्यस्त स्थानों को निशाना बनाते हुए दो बाइकों की चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली। पहली घटना रजौन प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर की है, जहां धौनी-बामदेव पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सह धौनी ग्राम निवासी अशोक रजक किसी आवश्यक कार्य से कार्यालय पहुंचे थे और अपनी बाइक परिसर में खड़ी कर अंदर चले गए थे, लेकिन काम निपटाकर लौटने पर उनकी बाइक गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद सुराग न मिलने पर उन्होंने रजौन थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं दूसरी वारदात रजौन बाजार स्थित सिनेमा हॉल गली (हीरो शो-रूम वाली गली) में घटी, जहां बंधन बैंक शाखा में पदस्थापित खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के पुनौर निवासी फील्ड ऑफिसर छोटू कुमार दोपहर बाद करीब 3:45 बजे कठौन गांव से फील्ड वर्क समाप्त कर शाखा लौटे थे और उन्होंने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (BR 34R 3384) बैंक के समीप वाली गली में खड़ी की थी, जो शाम को बाहर निकलने पर गायब पाई गई। इस घटना को लेकर पीड़ित बैंककर्मी ने बुधवार को रजौन थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित आवेदन दिया है। गौरतलब है कि रजौन प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर चोरों के लिए सुगम ठिकाना बनता जा रहा है, क्योंकि इससे पूर्व बीते 23 जुलाई को भूसिया निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अमरेंद्र कुमार सिंह की ग्लैमर बाइक बीस सूत्री कार्यालय के समीप से दिनदहाड़े चोरी कर ली गई थी, जबकि 20 जून को भी इसी प्रखंड परिसर से पड़घड़ी निवासी स्वच्छता पर्यवेक्षक सौरभ कुमार की बाइक चोरों ने पार कर दी थी। बार-बार सरकारी परिसर को निशाना बनाए जाने से कार्यालय कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों में भारी असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। राहत की बात यह है कि दोनों ही ताजा घटनाओं के स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में अज्ञात चोरों की तस्वीरें और संदिग्ध गतिविधियां कैद हो गई हैं। सीसीटीवी फुटेज की शुरुआती जांच के आधार पर बताया जा रहा है कि दोनों बाइक की चोरी शाम करीब 4 बजे के आसपास ही हुई है। एक ही समय के आसपास दो अलग-अलग स्थानों से हुई चोरी के बाद रजौन पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त कर गिरोह की धरपकड़ के प्रयास में तेजी से जुट गई है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post