रजौन,बांका प्रखंड के कोतवाली स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक बांका में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत बुधवार (14 अक्टूबर) को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रजौन के सौजन्य से आयोजित हुआ, जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना तथा रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराया गया, जहां सभी ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संकल्प लिया। शिविर में कॉलेज प्राचार्य ई. बीरबल कुमार रजक सहित कुल 11 लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें कॉलेज के कई शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मियों के अलावे छात्र-छात्राएं शामिल हैं। कार्यक्रम का आयोजन नोडल अधिकारी ई. अर्चना कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संस्थान के प्राचार्य ई. बीरबल कुमार रजक ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान जीवन बचाने और मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं कर्मियों को सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़ने तथा संकटग्रस्त लोगों की सहायता के लिए आगे रहने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक जागरूकता, मानवीय संवेदना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में एक मील का पत्थर साबित हुआ है। संस्थान प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कॉलेज तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। इस शिविर के सफल संचालन में रजौन सीएचसी की स्वास्थ्य प्रबंधक अल्पना, बीसीएम विष्णुदेव कापरी, डॉ. संध्या श्री, जीएनएम राजेश कुमार व पवन कुमार तथा बांका ब्लड बैंक से आए लैब टेक्नीशियन सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही।
रिपोर्ट:- केआर राव