मेला घूमने के बहाने यूपी से बिहार आकर पति ने पत्नी को गंडक नदी में फेंका, मछुआरों ने बचाई जान

--- धनहा पुल से पत्नी को नदी में फेंकने का आरोप, तेज धारा में बहते हुए सेमरबारी ठोकर तक पहुंची महिला
--- भितहा पुलिस ने पीएचसी भितहा में कराया गया इलाज, पति व भांजा पर धनहा थाना में प्राथमिकी दर्ज 

बगहा : 
बगहा पुलिस जिला के धनहा थाना क्षेत्र स्थित गौतम बुद्ध सेतु (धनहा पुल) से मंगलवार की रात यूपी के महाराजगंज निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को गंडक नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। नदी की तेज धारा में बह रही महिला को आसपास मछली मार रहे मछुआरों व ग्रामीणों ने सेमरबारी ठोकर के समीप नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद घटना की सूचना भितहा पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला को अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भितहा पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार की रात उक्त महिला का पति बाइक से उसे धनहा पुल पर लेकर पहुंचा था। आरोप है कि पुल पर पहुंचने के बाद उसने महिला को उठाकर गंडक नदी में फेंक दिया। नदी की तेज धारा में बहती हुई महिला काफी दूर तक जाते हुए भितहा थाना क्षेत्र स्थित सेमरबारी ठोकर के समीप पहुंच गई। वहां आसपास मछली मार रहे मछुआरों की नजर महिला पर पड़ी। मछुआरों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों के मुताबिक महिला द्वारा बताया गया कि वह गर्भवती है। प्रभारी थानाध्यक्ष भितहा दीपा कुमारी ने बताया कि महिला ने अपना नाम प्रियंका साहनी, पिता मदन, ग्राम कोलूहा, पति त्रिभुवन मद्धेशिया थाना कोठीबारी, जिला महाराजगंज बताया है। महिला का मायका लवनहा, थाना पिपराइच बताया गया है। ग्रामीणों की सूचना पर सेमरबारी ठोकर से महिला को पुलिस द्वारा भितहा पीएचसी लाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। उपचार के बाद महिला स्वस्थय है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला ने अपने पति पर उसे गंडक नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। फिलहाल महिला को थाना में सुरक्षित रखा गया है और उसके स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। स्वजन के थाने पहुंचने की बात बताई गई है। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा आवेदन दिए जाने पर उसके पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि घटना धनहा थाना क्षेत्र का है।
घटना के दूसरे दिन धनहा थाना में पुलिस द्वारा पत्नी को नदी में फेंकने के आरोप में पति समेत दो पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। धनहा थाना क्षेत्र गौतम बुद्ध सेतु से पत्नी की हत्या की नीयत से नदी में फेंकने के आरोप में पुलिस ने पति समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पिपराइच थाना क्षेत्र की प्रियंका कुमारी के आवेदन पर धनहा थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। प्राथमिकी में पति त्रिभुवन मधेशिया व उसके भांजे अमित मधेशिया, निवासी कोलुआ, थाना कोठीभार, उत्तर प्रदेश को आरोपित किया गया है। आवेदन मे प्रियंका कुमारी ने बताया है कि एक वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसका पति दहेज मे पल्सर बाइक की मांग कर रहा था। महिला के पिता जीवित नही होने के कारण दहेज में बाइक नहीं मिलने पर पति व उसके भांजे द्वारा सुल्तानपुर मेला घुमाने के बहाने प्रियंका को धनहा पुल पर ले गए। वहां मौका पाकर उसे गंडक नदी में गिरा दिया। नदी में मछली मार रहे मछुआरों की नजर महिला पर पड़ी। मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
घटना के बाद महिला ने धनहा थाना में आवेदन देकर पति व उसके भांजे पर हत्या की नीयत से नदी में फेंकने का आरोप लगाया। धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले में कांड संख्या 362/2026 दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post