--- महासचिव पद पर उपाध्याय सुनील कुमार बरकरार
बगहा :
विधिज्ञ संघ के द्विवार्षिक चुनाव सत्र 2026-28 का परिणाम गुरुवार देर शाम घोषित किया गया। कचहरी परिसर में सुबह से शुरू हुई मतगणना रात करीब 7:30 बजे तक चली। चुनाव परिणाम को लेकर पूरे दिन अधिवक्ताओं व प्रत्याशियों में उत्सुकता बनी रही। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष द्विजेंद्र नाथ तिवारी को 164 मत मिला, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सुनिल कुमार मिश्र 188 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया। महासचिव पद पर उपाध्याय सुनील कुमार 204 मत पाकर अपना दबदबा बरकरार रखने में सफल रहे। उपाध्यक्ष पद पर अनंत कुमार व प्रमोद कुमार गुप्ता ने जीत हासिल की। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
संयुक्त सचिव पद पर चंद्रभूषण शांडिल्य व अरविंद कुमार निर्वाचित हुए। सहायक सचिव पद की जिम्मेदारी रत्नेश कुमार तिवारी व विनोद कुमार पांडेय को मिली। अंकेक्षक पद पर संजय देव पति तिवारी व कोषाध्यक्ष पद पर पंकज कुमार यादव ने जीत दर्ज की। पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर रामदयाल प्रसाद निर्वाचित हुए।
कार्यकारिणी सदस्य के पद पर हिमांशु कुमार, अजय कुमार, महेंद्र प्रसाद यादव, सुमंत कुशवाहा व नरेश कुमार राम ने जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान कचहरी परिसर में प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। सभी प्रत्याशी अपने-अपने परिणाम को लेकर उत्सुक नजर आए। सबसे अंत में अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किए जाने के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।
गौरतलब है कि विधिज्ञ संघ बगहा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को शांतिपूर्ण मतदान कराया गया था। मतदान सुबह शुरू होकर शाम पांच बजे तक चला। कुल 482 मतदाताओं में से 458 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह चुनाव में करीब 95 प्रतिशत मतदान हुआ था।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं का आभार जताया। उन्होंने संघ के हित में काम करने, अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान व संगठन को और मजबूत बनाने की बात कही। अधिवक्ताओं ने नई कार्यकारिणी से संघ के विकास व सदस्यों के हित में प्रभावी पहल की उम्मीद जताई।