रजौन,बांका :-आगामी त्योहार दुर्गापूजा और काली पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बांका पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देशानुसार शनिवार को नवादा बाजार सहायक थाना परिसर में पुलिस जवानों द्वारा दंगा नियंत्रण अभ्यास का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का नेतृत्व नवादा बाजार सहायक थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने किया। मॉकड्रिल के दौरान किसी भी आकस्मिक विधि-व्यवस्था की स्थिति, उपद्रव या असमाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने के प्रयासों से तेजी से और प्रभावी ढंग से निपटने की रणनीतियों का पूर्वाभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान जवानों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड (ढाल), लाठी, अश्रु गैस और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ सुसज्जित होकर भीड़ नियंत्रण के विभिन्न पैंतरों का अभ्यास कराया गया। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दंगा नियंत्रण अभ्यास के दौरान नवादा बाजार सहायक थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
रिपोर्ट:- केआर राव