रजौन, बांका: रजौन थाना की पुलिस ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और फरार वारंटियों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया है। रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि पुलिस अपराधियों और विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने कांड संख्या 54/22 के अप्राथमिकी अभियुक्त धनकुंड निवासी प्रकाश शर्मा के पुत्र साजन कुमार को दबोच लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई में कांड संख्या 78/26 के नामजद प्राथमिकी अभियुक्त चकमहमूद निवासी सतीश मंडल को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा न्यायालय से निर्गत वाद संख्या 956/08 के वारंटी अभियुक्त चकसपिया निवासी जलधर सिंह के पुत्र अनिल सिंह को भी पुलिस ने धर दबोचा। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए तीनों अभियुक्तों की आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का यह सघन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्ट'-केआर राव