--- बगहा पुलिस जिला के धनहा थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी ने दवा के बहाने अपनी दुकान पर नाबालिक को बुलाया
बगहा :
धनहा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां के आवेदन पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने नाबालिग बच्ची को दवा के बहाने अपनी दुकान पर बुलवाया और उसे बहला-फुसलाकर पास के गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की स्थिति गंभीर हो गई। वहीं दुष्कर्म के बाद युवक फरार हो गया। नाबालिक किसी तरह घर पहुंचकर मां को सारी बात से अवगत कराया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के स्वजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मोके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद गांव में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले में आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता के पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हो चुका है। आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।