पिकअप के धक्के से साइकिल पर सवार वृद्ध की मौत

पिकअप के धक्के से साइकिल पर सवार वृद्ध की मौत


        कटोरिया से अरविंद कुमार सिंह का रिपोर्ट
 कटोरिया थाना क्षेत्र के कटोरिया-बांका मुख्य सड़क पर मोदीटोला गांव के पास रविवार को पिकअप वैन के धक्के से साइकिल पर सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि साइकिल चालक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक थाना क्षेत्र के बूढ़ीघाट के स्व द्वारिका मंडल का पुत्र भैरो मंडल (75 वर्ष) बताया गया है। जबकि जख्मी युवक मृतक का नाती थाना क्षेत्र के लीलावरण गांव के शालीग्राम साह का पुत्र तेंतर साह बताया गया है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मृतक वृद्ध अपने नाती के साथ सायकिल से घर से बेटी के घर जा रहा था। इसी दौरान मोदीटोला के पास एक पिकअप वैन ने पीछे से धक्का मार दिया। जिससे वृद्ध की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को कटोरिया रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक द्वारा जांच कर वृद्ध को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि जख्मी युवक का प्राथमिक उपचार कर उसे देवघर रेफर कर दिया गया। इधर स्थानीय लोगों द्वारा पिकअप चालक को गाड़ी सहित पकड़ लिया गया। तथा घटना की सूचना कटोरिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कटोरिया पुलिस के पदाधिकारी ने सदलबल मौके पर पहुंचकर पिकअप को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।