बारिश के बाद कटोरिया बाजार में बह रहा नाले का पानी

बारिश के बाद कटोरिया बाजार में बह रहा नाले का पानी



        कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट 
गुरुवार को दोपहर बाद हुई जोरदार बारिश ने कटोरिया बाजार की सड़कों को जलजमाव की स्थिति उतपन्न कर स्थानीय लोगों के लिये मुसीबत खड़ी कर दी। बाजार की मुख्य सड़कों से पानी दुकानों में घुस गया। बाजार की नारकीय स्थिति ने स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के कारण बांका रोड स्थित युको बैंक से कंचनगली मोड़ तक मुख्य सड़क पोखर में तब्दील हो गया। स्थानीय लोग भी जमे पानी से होकर पार हो रहे हैं। अगल-बगल का कूड़ा बह रहा है। जिससे उठती सडांध ने बाजार की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। दुकानदार सहित खरीददारी व अन्य काम के लिए बाजार पहुंचे लोग भी परेशान हैं। सड़क पर बहता पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। जिससे सड़क किनारे बसने वाले लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। स्थिति यह है लोग जलजमाव से बचने के लिए बाजार के थाना रोड से कंचनगली गली होते हुए गुजर रहे हैं।  पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। हर बार बारिश होने पर यह समस्या आम बात है। लेकिन प्रशासन ने इस ओर अपनी सुस्ती बरकरार रखी है।   फिलहाल स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या से निजात दिलाने की मांग दोहराई है।