सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से जख्मी
कटोरिया कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया-सुईया मुख्य मार्ग पर सुईया थाना क्षेत्र के गोड्डा गांव के पास शनिवार को ट्रक के धक्के से एक बाइक पर सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी सुईया थाना क्षेत्र के झिलुआ गांव का इसराफिल अंसारी एवं उसका पुत्र अनाउल अंसारी बताया गया है। जानकारी के अनुसार जख्मी इसराफिल अंसारी बाइक से बेटे के साथ सुईया थाना क्षेत्र के जेरुआ स्थित अपनी बेटी के घर जा रहा था। इसी दौरान गोड्डा के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में बाइक चालक इसराफिल अंसारी का पैर ट्रक के पहिये के नीचे चला गया। जिससे उसका दायां पैर मौके पर ही कटकर अलग हो गया। जबकि बांया पैर भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं अनावुल भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुईया थानाध्यक्ष देवेंद्र राय सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे तथा जख्मी दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति में दोनों को देवघर रेफर कर दिया गया। इधर घटना के बाद ट्रक चालक ने थोड़ी दूर जाकर महेशमारा जंगल के पास ट्रक को खड़ी कर फरार हो गया। सुईया पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक एवं बाइक को जब्त कर लिया गया। परिजनों के अनुसार दोनों जख्मी का हालत चिंताजनक बनी हुई है।
