कटोरिया में सीएसपी संचालक से लूट
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया थाना क्षेत्र के जमदाहा-मालवथान मुख्य मार्ग के झाझा पहाड़ के कुरावा के पास बुधवार को दो बाइक पर चार सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक के साथ मारपीट कर लूट-पाट की। सीएसपी संचालक कटोरिया थाना क्षेत्र के मनियां गांव के रोहित कुमार पिता नेमानी यादव एवं पिंकू कुमार पिता वेदानंद यादव बताया गया है। जानकारी के अनुसार संचालक का पुत्र एवं भतीजा अपने घर से बाइक द्वारा फटापत्थर गांव स्थित एसबीआई के सीएसपी केंद्र पर जा रहा था। इस दौरान झाझा से सटे ननगोलवा कुरावा के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने संचालक पुत्र के बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर गए। जिसके बाद चारों अपराधियों ने मारपीट करते हुए पिस्टल सटाकर रोहित के पास मौजूद 30 हजार नगद,लैपटाप एवं दो मोबाइल सहित कागजात लूटकर फरार हो गए। घटनास्थल के समीप गांव के ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस एवं सीएसपी संचालक के स्वजनों को दी। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सदलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। इधर स्वजनों द्वारा कटोरिया थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया है । पुलिस द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
