बांका (चांदन): चांदन प्रखंड के भैरोगंज उच्च विद्यालय में रविवार को राजद द्वारा किसान महा सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में प्रखंड के अलावा दूसरे प्रखंडों से भी किसान शामिल हुए। इसमें मुख्य रूप से जमीन बचाओ किसान बचाओ के साथ-साथ सरकार द्वारा किसानों के लिए बनाए गए तीनों कानून को रद्द करने पर विशेष बल देने के साथ-साथ भूमि सर्वे को तत्काल बंद करने और पूर्व में चल रहे सर्वे के आधार पर ही सर्वे को आगे बढाने पर बल दिया गया। वक्ताओं में मुख्य रूप से बेलहर के पूर्व विधायक रामदेव यादव, धोरैया के वर्तमान राजद विधायक भूदेव चौधरी, जिला राजद अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष अशोक प्रसाद यादव, चांदन पुर प्रमुख पलटन प्रसाद यादव, आशुतोष कृपा मूर्ति, तुलसी रजक,सुरेश यादव सहित लगभग सभी वक्ताओं ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन पर सरकार की चुप्पी और निरंकुशता को जमकर कोसा। साथ ही साथ कहा कि करीब डेढ़ महीने से लाखों की संख्या में किसान भूखे प्यासे बैठे हुए हैं ,लेकिन सरकार उनकी मांगों को देखती तक नहीं है। जो सरकार किसानों के हित की बात कर रही है वही सरकार किसानों को भूखे प्यासे मरने पर छोड़ दिया है। इसलिए सरकार को चाहिए कि हाल ही में बनाए गए तीनों कानून को रद्द करते हुए किसानों से सलाह मशविरा कर उनके हित को ध्यान में रखते हुए नया कानून बनाया जाए। साथ ही साथ बिहार में शुरू किए गए जमीन सर्वे को बंद कर दिया जाए। यह सर्वे सिर्फ किसानों को लूटने के लिए कराया जा रहा है। इसमें दलालों की संख्या सबसे अधिक है। इसलिए सरकार को चाहिए कि पूर्व में जहां तक सर्वे की प्रक्रिया पूरी हो गई है उसके बाद ही इसे आगे बढ़ाया जाए ।जिससे किसानों को दोबारा परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने भी सर्वे में होने वाले दलाल और लूट को उजागर करने की बात कही। उपस्थित नेताओं ने कहा कि अगर सरकार उनकी मांग को नहीं मानती है तो राजद लगातार आंदोलन करती रहेगी, और सरकार को तब तक चैन से बैठने नहीं देगी जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाता है। बिहार सरकार पर बरसते हुए भूदेव चौधरी और रामदेव यादव ने कहा कि भाजपा नीतीश कुमार को गर्त में पहुंचाने का बीड़ा उठा चुकी है। इसलिए निश्चित रूप से यह सरकार कुछ ही दिनों की मेहमान है। इस बैठक में बड़ी संख्या में राजद के कार्यकर्ता उपस्थित हुए।



0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...