बेतिया ।लाल बाज़ार स्थित ऐतिहासिक खाटू श्याम बाबा मंदिर में गुरुवार की शाम फाल्गुन माह शुक्ल पक्ष की बारहवीं तिथि को आयोजित होने वाले बारस तिथि पर 'श्याम बाबा की ज्योत' का भव्य आयोजन श्री श्याम मंडल द्वारा किया गया। बारस तिथि पर सम्पन्न मुख्य पूजा व श्याम बाबा के ज्योत की शुरुवात नगर परिषद की निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया के द्वारा सपरिवार किया गया। इस पूजन समारोह में भाग लेने के लिये सायंकाल 7 बजे से ही शहर के श्रद्धालुओं विशेष कर मारवाड़ी समाज के महिला पुरुषों का तांता लगने लगा। देर रात तक चली विशेष पूजा के बाद आमंत्रित श्रद्धालुजन के बीच श्री श्याम मंडल की ओर से आमंत्रित उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से पहुचीं श्याम मण्डल के दर्जनाधिक महिला-पुरुष कलाकारों ने राधा कृष्ण व ग्वाल-गोपियों की लीलाओं पर आधारित दर्जनों गीतों पर आधारित नृत्य नाटिकाओं को प्रस्तुत किया। आधी रात तक चली 'फूलों की होली' खेलने के बाद मंदिर के बाहर तक में जमे सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच विशेष रूप से तैयार प्रसाद का वितरण किया गया।इस मौके पर श्याम मंडल के सदस्य गुलझारी सिकारिया, आदित्य अग्रवाल, अनिल तोदी, मनोज चौधरी, विवेक सिकारिया, शंकर नाई, अनिल बर्णवाल, अनिल अग्रवाल, अनूप टेकरीवाल आदि आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।
Tags
चम्पारण नीति अपडेट
