बांकाः जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी चौक के पास शनिवार की रात चार बाइक सवार अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से 20 लाख रुपये के आभूषण की लूट कर ली. वहीं विरोध करने पर व्यवसायी को घायल भी कर दिया. इस बाबत स्वर्ण व्यवसायी जनार्दन पोद्दार ने टाउन थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई है।घटना के संबंध में बताया जाता है कि स्वर्ण व्यवसायी जनार्दन पोद्दार शहर के डोकानिया मार्केट स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान को बंद कर घर लौट रहे थे, तभी गांधी चौक की तरफ से दो बाइक पर सवार चार अपराधी शिवाजी चौक पर पहुंचे. उसके बाद अपराधियों ने धक्का देकर आभूषण से भरा थैला झपटने का प्रयास किया, पहली बार अपराधी सफल नहीं हुए तो दूसरी बार जोरदार धक्का मारकर आभूषण से भरा थैला लेकर फरार हो गये.।स्वर्ण व्यवसायी जनार्दन पोद्दार के पुत्र आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि वे उनके पीछे से आ रहे थे. लेकिन वहां पहुंचने पर जब तक कुछ समझ पाते,अपराधी फरार हो गए थे. इस दौरान चोट लगने की वजह से पिता के सर से काफी खून भी बहा है। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव ने स्वर्ण व्यसायी के साथ आभूषण लूट की घटना की पुष्टि की है। मामले को लेकर टाउन थाने में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.अपराधियों की पहचान के लिये शिवाजी चौक पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी अभियान में जुट गई है।
Tags
चम्पारण नीति अपडेट
