45 की उम्र सीमा तत्काल खत्म की जाए.सबके लिए वैक्सीन का हो प्रावधान-विधायक
बेतिया। भाकपा -माले केन्द्रीय कमिटी सदस्य सह सिकटा विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहाँ कि कोरोना महामारी और संक्रमण के प्रति जनता में काफी लापरवाही है, इसके लिए केन्द्र सरकार के नेतृत्वकारी पदों पर बैठे लोग जिम्मेदार है, बंगाल चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री अमित शाह मास्क तक का उपयोग नहीं कर रहे हैं. ऐसी स्थिति में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपाय जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता ही खो रहीं हैं । आगे कहा कि सबके लिए वैक्सीन का प्रावधान होना चाहिए। 45 की उम्र सीमा तत्काल खत्म की जानी चाहिए। प्रखण्ड /अनुमंडल व जिला स्तर पर कोविड के इलाज की व्यवस्था की जाए. सभी जिला अस्पतालों में आईसीयू व बेडों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए और उसे कम से कम दुगुनी की जाए.
अभी आरटीपीसीआर की रिपोर्ट काफी देर से आ रही है. 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट देने की व्यवस्था की जाए और टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई जाए ताकि संक्रमितों का सही समय पर पहचान व इलाज हो सके और संक्रमण का फैलाव रोका जा सके.
निजी अस्पतालों में भी कोविड के इलाज की व्यवस्था की जाए, जिसका खर्च सरकार वहन करे. ऑक्सीजन व रेमडेसीवीर की पर्याप्त व्यवस्था की जाए. आगे कहा कि कोरोना रोकने के नाम पर पिछली बार किया गया लाॅकडाउन का अनुभव बहुत ही कड़वा है. वह अपने आप में एक आपदा साबित हुआ. इसलिए लाॅकडाउन लगाने की बजाए सामाजिक जागरूकता व लोगों को समझाने-बुझाने की प्रक्रिया पर जोर देना चाहिए. इसे आतंक का पर्याय नहीं बनाना चाहिए.
