बांका : जिलान्तर्गत बेलहर-अमरपुर के पूर्व विधायक जनार्दन मांझी का निधन इलाज के क्रम में पटना में मंगलवार को हो गया था।बुधवार को उनके पार्थिव शरीर बौंसी स्थित आवास पर पहुंचते माहौल ग़मगीन हो गया।गौशाला में रखे उनके शव के अंतिम दर्शन के लिए नेताओं,अधिकारियों कार्यकर्ताओं व बाज़ार वासियों की भीड़ उमड़ पड़ी।दिवंगत पूर्व विधायक के पुत्र सह बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज,बांका सांसद गिरधारी यादव,कटोरिया विधायक निक्की हेंब्रम,जमुई विधायक श्रेयसी सिंह,जिला पदाधिकारी सुहर्ष भगत,पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार गुप्ता सहित अन्य नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दीं।
बुधवार को उनका पार्थिव शरीर अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के शंभूगंज में जदयू कार्यालय,अमरपुर में जदयू कार्यालय व बांका में जदयू कार्यालय में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था,जहां पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।फिर बौंसी स्थित उनके आवास पर उनका पार्थिव शरीर पहुंचा।दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर विभिन्न पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त कीं।भाजपा,जदयू ,कांग्रेस,राजद सहित अन्य पार्टियों के पदाधिकारी एवं नेताओं ने बौंसी पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए।
अंतिम दर्शन में आए सबकी आंखें नम थीं।स्वर्गीय विधायक सरल स्वभाव के व्यक्ति थे।सादा जीवन,उच्च विचार के कारण ही आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे,और इसी व्यक्तित्व की वज़ह से 5 साल बेलहर व 10 साल अमरपुर से विधायक रहें।वे सिद्धान्तवादी थे।जिला परिषद सदस्य से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले वे जदयू आजीवन जदयू में ही बने रहें।
बौंसी स्थित आवास पर सुबह से ही भीड़ लगी थी। इसके पूर्व उनके पार्थिव शरीर को उनके जन्म भूमि सिंगेश्वरी गांव ले जाया गया,जहां पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।पीड़ित परिजन,सगे-संबंधियों सहित शुभचिंतकों का रो-रो हाल बुरा था।वहां पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
सुबह से ही उनके चाहने वालों की भीड़ बौंसी स्थित आवास पर थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार चौधरी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीसी श्रीवास्तव,बौंसी सर्किल के इंस्पेक्टर गोपाल सिंह,थानाध्यक्ष बौंसी थानाध्यक्ष ,बाराहाट एचडी प्रभाकर समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद थे।
इस मौके पर चाचा नंदकिशोर मांझी,भाई जयशंकर रवि,जदयू जिलाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह,पार्टी के वरीय नेता रितेश चौधरी,जदयू जिला प्रवक्ता द्वारिका मिश्रा,आशा देवी ,पूर्व जिला परिषद सदस्य नजराना परवीन ,कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह ,पूर्व अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य संजय राम,जदयू प्रखंड अध्यक्ष भैरव मंडल,व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष रजीव कुमार सिंह,लालधारी यादव,पवन भुवानियां,लालू यादव,अमरपुर के प्रखंड अध्यक्ष विमल सिंह ,शंभूगंज के प्रखंड अध्यक्ष बालेश्वर जी ,अमरपुर विधानसभा के प्रभारी इंजीनियर कुंदन कुमार, शिबू भगत,भाजपा नेता भानु जी सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक पहुंचे थे।
मुख्य सड़क मार्ग होते हुए भागलपुर बरारी श्मशान घाट जाने के क्रम में 10 मिनट पार्थिव शरीर रजौन जदयू कार्यालय पहुंचने पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ,सत्यनारायण सिंह उमेश उर्फ पप्पू वर्मा,अंजनी कुमार चौधरी ,अशोक यादव,अजीत कुमार राव ,मु.मुजफ्फर, राहुल कुमार चौधरी ,अचल उर्फ बब्बू आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। परिवारिक सूत्रों ने बताया कि भागलपुर जिलान्तर्गत बरारी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।उनके पुत्र व बिहार सरकार के मंत्री जयंत राज 'कुशवाहा' ने पिता को मुखाग्नि दी।इस क्रम में सांसद गिरधारी यादव,कांग्रेस विधायक अजित शर्मा सहित काफी संख्या में लोग सम्मिलित हुए।
रिपोर्ट:- के आर राव