सरकारी चापाकल से पानी भरने को लेकर मारपीट
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया थाना क्षेत्र के हिरना गांव में सरकारी चापाकल से पानी लेने को लेकर हुई मारपीट में चार महिला- पुरुष मामूली रूप से जख्मी हो गए। जख्मी सभी का इलाज कटोरिया रेफरल अस्पताल में कराया गया। जख्मी में गांव के स्व चंद्रिका यादव का पुत्र होरिल यादव, अशोक यादव की पत्नी सुशीला देवी व पुत्र अमोद यादव, कामेश्वर यादव की पत्नी इंदु देवी शामिल है। घटना को लेकर सुशीला देवी ने थाना में आवेदन देकर गांव के ही सोभा यादव, पत्नी मीणा देवी, पुत्र ठेकु यादव, खुसू यादव, पुत्री पूजा देवी, पुत्रवधू उषा देवी के अलावा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के अनिल यादव एवं दो अज्ञात को अभियुक्त बनाया है। आवेदिका ने बताया कि गत 8 जुलाई को नामजद अभियुक्तों ने उसके हिस्से की खेत को जोत दिया और तभी से गाली- गलौज भी देने लगे। इधर मंगलवार को जब आवेदिका गांव स्थित सरकारी चापाकल से पानी भरने गई तो सभी अभियुक्तों ने मारपीट शुरू कर दी। हल्ला सुनकर बचाने आए लोगों के साथ भी मारपीट की तथा आवेदिका एवं जख्मी होरिल के गले से चांदी की चैन छीन ली। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।