बांका (चांदन): चांदन प्रखंड के बिरनिया पंचायत अंतर्गत पहाड़पुर गांव में एक मुस्लिम महिला अपने शराबी पति से इतना परेशान हो चुकी थी कि उसने लाचार होकर ग्रामीणों की मदद से अपने पति को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। यहां पुलिस ने मामला दर्ज कर उसके पति को बांका जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पहाड़पुर ग्राम निवासी सैरून बीवी के पति बेलाल अंसारी रोज ही शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ गंभीर रूप से मारपीट करता था। कई बार उसे ग्रामीणों द्वारा समझाने का भी प्रयास किया गया, लेकिन उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। हाल ही में बेला
ल के बड़े बेटे की शादी हुई जिसकी नई नवेली पत्नी भी अभी उसी के घर में है। इसी बीच सोमवार को सुबह 10 बजे बेबाल अंसारी शराब के नशे में घर आया और नई नवेली बहू के सामने अपनी पत्नी के साथ भीषण रूप से मारपीट कर जख्मी कर दिया, और अपने बेटे को शादी में मिला गोदरेज एवं अन्य सामान के साथ भी तोड़फोड़ कर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। साथ ही साथ घरों में बना खाना भी फेंक दिया। मना करने पर सभी के साथ गाली गलौज किया। जख्मी हालत में पत्नी द्वारा ग्रामीणों को बुलाकर अन्य लोगों के सहारे उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार ने बताया कि पत्नी के आवेदन पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे बांका जेल भेज दिया गया है।
