रजौन, बांका : गुरुवार को अहले सुबह एसडीएम मनोज कुमार चौधरी,एसडीपीओ दिनेश चंद श्रीवास्तव, जिला खनन पदाधिकारी संजय प्रसाद एवं रजौन थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान ने बालू के अवैध खनन के विरुद्ध चांदन नदी के सिंहनान बालू घाट पर चलाए गए छापेमारी अभियान में सात अवैध बालू लदी ट्रैक्टर, एक बाइक के साथ एक चालक गोपालपुर गांव के मिथुन यादव को मौके पर ही खदेड़ कर धर दबोचा गया। छापेमारी के दौरान ग्रामीणों की भीड़ उमड़ गई। जिससे बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया। जब्त सभी बालू लदी ट्रैक्टर को थाना के अभीरक्षा में रखा गया है। हालांकि जब्त किए गए सात ट्रैक्टर में से एक ही ट्रैक्टर के चालक गिरफ्तार हुआ बांकी सब ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। छापेमारी के दौरान आधे दर्जन से भी अधिक अवैध ट्रैक्टर के जब्त होने से साफ जाहिर हो रहा है कि थाना क्षेत्र में बालू बंदी का कोई असर नहीं है। बता दें कि सितंबर माह तक के लिए बालू उठाव का परिचालन पूर्णरूपेण से बंद है।इसके बाद भी अवैध बालू का खनन धड़ल्ले से चल रहा है। बीते बुधवार को अजीत नगर पहाड़ के समीप में अवैध बालू लदी ट्रैक्टर ने बाराहाट थाना क्षेत्र निवासी मुकेश दास को कुचल दिया था जिसमें घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।जिला खनन पदाधिकारी संजय प्रसाद के बयान पर जब्त किए गए सभी ट्रैक्टर चालकों और मालिकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया जा रहा है।
रिपोर्ट: केआर राव