रजौन(बांका) शुक्रवार को रजौन समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन लेने वाले लोगों में अफरा-तफरी मचा रहा। वैक्सीन नहीं लेने वाले लोगों को 9 अगस्त से राशन नहीं मिलने की अफवाह के कारण शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रखंड क्षेत्रों से करीब दो हजार से भी अधिक लोग पहुंच गए थे। जिसके कारण वैक्सीन लेने के लिए लोग आपस में धक्का-मुक्की करने लगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अफ़रा तफरी का माहौल देखते हुए इसकी सूचना रजौन थाना की पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर लाठी भांजते हुए वैक्सीन लेने वाले लोगों को शांत करवाया। इसके बाद वहां पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई तब जाकर शांति पूर्वक वैक्सीनेशन हुआ। इस बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 700 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीन लगाने के बाद 30 मिनट तक डॉक्टर की देखरेख में लाभुकों को रखा जा रहा था। कई लोग काफी भीड़ को देखते हुए बिना वैक्सीन लिए ही वापस घूम गए। स्वास्थ्य प्रबंधक राजेश रंजन ने बताया कि आज गलत अफवाह के कारण लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा था, जिसके कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसके बाद भी 700 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है।
रिपोर्ट :के आर राव