रजौन(बांका):रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत अजीतनगर पहाड़ी के समीप रविवार संध्या को दो ऑटो के आमने-सामने की टक्कर में आधे दर्जन से भी अधिक यात्री जख्मी हो गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सभी जख्मियों को रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। सभी का उपचार करने के बाद दो महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर भाई को राखी बांधने के लिए सुल्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी नीलम देवी और शाहकुंड थाना क्षेत्र निवासी फूलन देवी मिर्जापुर चंगेरी जा रहे थे एवं इनके अलावा अन्य आधे दर्जन यात्री भी अन्य जगह रक्षाबंधन को लेकर जा रहे थे। इसी क्रम में प्रखंड अंतर्गत अजीतनगर के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित ऑटो ने सामने से टक्कर मार दी जिससे आधे दर्जन से भी अधिक सवारी से लदी ऑटो ने पलटी मार दी। जिसमें ऑटो पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। टक्कर मारने के बाद दूसरा ऑटो चालक ऑटो छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। जिसके बाद रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। कई जख्मी का इलाज निजी क्लीनिक में भी चल रहा है। जिसमें कई का हाथ और पैर भी फैक्चर बताया जा रहा है। फूलन देवी और नीलम देवी को गंभीर चोट सिर में लगने से डॉक्टर ने उपचार के बाद मायागंज रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान ने बताया कि घटनास्थल से दोनों ऑटो को जब्त कर लिया गया है।
रिपोर्ट: केआर राव