बांका : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर अमरपुर एवं बेलहर के पूर्व दिवगंत विधायक जनार्दन मांझी को श्रद्धांजलि देने जिले के बौंसी प्रखंड अंर्तगत सिंहेश्वरी गांव पहुंचे। हैलीपेड पर मुख्यमंत्री का स्वागत बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज कुशवाहा, बांका के जदयू सांसद गिरधारी यादव, बेलहर विधायक मनोज यादव, धोरैया के पूर्व जदयू विधायक मनीष कुमार, भागलपुर पूर्वी क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुजीत कुमार, बांका के जिलाधिकारी सुहर्ष भगत, पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार गुप्ता ने बुके देकर स्वागत किया। सीएम के आगमन को लेकर जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री का एक झलक पाने के लिए गांव के लोग बेताब दिखे। हैलीपैड से सीधे मुख्यमंत्री दिवंगत विधायक जनार्दन मांझी के घर पहुंचे जहां उनके तैलचित्र पर उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ शिक्षा मंत्री विजय चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी सिंहेश्वरी पहुंचे थे। सबों ने बारी-बारी से दिवगंत विधायक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री दिवंगत विधायक की पत्नी, उनकी पुत्री एवं पुत्रों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही परिजनों से कुशल क्षेम पूछा एवं हरेक पहलू से अवगत हुए। मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जदयू ने एक सच्चा सिपाही को खो दिया। वे समता पार्टी के समय से ही हम सभी के साथ थे, जो कभी भी अलग हटकर दूसरे पार्टी में नहीं गए। वे हमेशा से ही पार्टी की विचारधारा के साथ जुड़े रहे। उनसे मेरा व्यक्तिगत लगाव था। कोरोना काल के कारण हम नहीं आ सके थे।
ज्ञात हो कि दिवंगत विधायक सरल स्वभाव व सादगी के कारण हमेशा लोगों के बीच लोकप्रिय रहे बेलहर व अमरपुर के पूर्व विधायक जनार्दन मांझी का देहांत 20 जुलाई 2021 को पटना में हो गया था।
जीवन के शुरुआती दिनों में राज ट्रांसपोर्ट से अपने जीवन की शुरुआत करने वाले स्वर्गीय मांझी राजनीतिक के काफी उतार-चढ़ाव के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला परिषद सदस्य के पद पर निर्वाचित होने के साथ ही बेलहर विधानसभा से
जनार्दन मांझी जदयू के बैनर तले 2005 से 2010 तक विधायक निर्वाचित हुए, फिर विधानसभा क्षेत्र बदलते हुए जदयू से ही अमरपुर विधानसभा क्षेत्र से 2010 में दोबारा निर्वाचित हुए और पुनः 2015 में जदयू से अमरपुर के विधायक निर्वाचित हुए। फिलहाल अमरपुर विधानसभा सीट से उनके पुत्र जयंत राज कुशवाहा विधायक के साथ-साथ बिहार सरकार में ग्रामीण कार्य मंत्री के पद पर आसीन हैं।
रिपोर्ट: केआर राव