रजौन(बांका) : सोमवार को रजौन प्रखंड के मोरामा बनगांव पंचायत अंतर्गत के सोहानी गांव में कन्हैया लाल सिंह के घर पर भारतीय किसान संघ जिला इकाई की बैठक अमरेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलेभर के भारतीय किसान संघ के अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित हुए थे। कोविद प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए बैठक में किसानों से सम्बंधित विभिन्न तरह के समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान जिला संरक्षण समिति अध्यक्ष परमानंद चांदवाला ने कहा कि किसानों की वाजिव मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 31 अगस्त तक का समय दिया गया था। 31 अगस्त तक भारतीय किसान संघ को प्रधानमंत्री द्वारा कोई जवाब नहीं देने की स्थिति में 8 सितंबर को देश के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया है। धरना कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसानों को कोरोना प्रोटोकॉल के अनुरूप आने के लिए कहा गया है।जिला संरक्षण समिति अध्यक्ष श्री चांदवाला ने कहा कि किसानों को उपज का मूल्य नहीं मिलने के कारण गरीब किसान और गरीब एवं कर्जदार होता जा रहा है। उसके बच्चों का भविष्य अंधकार में और स्वयं का जीवन नरकमय बन चुका है। यद्यपि सरकार अपने ढंग से कई प्रकार की मदद करने के प्रयास करती है। परंतु क्षणिक सांत्वना से किसान की दशा को सुधारना असंभव है। परेशान किसान मात्र इतनी मांग कर रहा है कि उसे उसकी लागत एवं उस पर जो भी लाभ स्वरूप देना चाहते है देना शुरू कर दे। वरना बेरोजगारी के इस माहौल में अब वह अकेला नहीं परिवार के साथ आत्महत्या को अग्रसर होने लगेगा। आने वाले समय में ऐसी घटनाएँ और बढ़ने वाली है, इसका अनुमान सरकारी मुलाजिम राजनेता नहीं लगा सकगें।सरकार कुछ फसलों का समर्थन मूल्य घोषित कर अपने दायित्व से बच नहीं सकती, सब जान चुके हैं कि यह समर्थन मूल्य मात्र छलावा है। गरीब किसान को बाजार के भरोसे छोड़ना ही नहीं बल्कि उसकी उपज के मूल्यों पर सरकार द्वारा नियंत्रण रखना, जानबूझकर उसका मनुष्य जीवन बर्बाद करने जैसा पाप कर्म नहीं तो और क्या है? समर्थन मूल्य की मात्र घोषणा का भी क्या अर्थ रह जाता है, जब उस मूल्य पर बिक नहीं सकता है। अतः किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं, लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य देना होगा। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष रामनारायण सिंह, मंत्री विनय कुमार सिंह, निरंजन सिंह, विद्याधर सिंह, कन्हैया लाल सिंह सहित काफी संख्या में किसान संघ के पदाधिकारी एवं नेता आदि उपस्थित थे
रिपोर्ट:केआर राव