बोलेरो से कुचलकर बाइक सवार मुखिया की गई जान

बांका : जिले के अमरपुर-शंभुगंज मुख्य सड़क मार्ग पर बाजा मोड़ के समीप सोमवार की संध्या करीब 5 बजे बोलेरो से कुचलकर अमरपुर प्रखंड के भरको पंचायत के मुखिया प्रवीण झा की मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार मुखिया अपनी होंडा बाईक पर सवार होकर भरको की ओर से बाजा गांव की ओर जा रहे थे, तभी बाजा मोड़ से कुछ कदम की दुरी पर पीछे से आ रही बोलेरो ने धक्का मार दिया। टक्कर से जख्मी होकर मुखिया बाईक लेकर गिर गया। वहीं बोलेरो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुखिया का बाइक बुरी तरह से चकनाचूर हो गया, लेकिन बोलेरो चालक वाहन को पीछे कर दोबारा मुखिया को धक्का मार कर फरार हो गया, लेकिन बाजा गांव से आगे बढ़ते ही सिमरा पुल के समीप बोलेरो की स्टेयरिंग फेल हो गई। मौके पर चालक फरार होने में कामयाब रहा। वहीं घटनास्थल पर ही मुखिया की मौत हो गई। इस घटना के समाचार प्राप्ति के बाद मृतक की मां लीलावती देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सुचना मिलते ही हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सिमड़ा पुल पर खड़ी बोलेरो को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सुचना अमरपुर थाने को दिया, लेकिन बताया जाता है कि लगभग एक घंटे के बाद अमरपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद सफदर अली, अवर निरीक्षक रामविचार सिंह, सअनि अरूण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। भरको पंचायत के मुखिया की मौत के बाद घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण आक्रोशित होकर बाजा मोड़ के समीप इंग्लिशमोड़-शंभुगंज मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम की सुचना मिलते ही बांका एसडीपीओ दिनेशचंद्र श्रीवास्तव, शंभुगंज एवं फुल्लीडुमर थानाध्यक्ष, अमरपुर सीओ स्वाति कृष्णा, बीडीओ राकेश कुमार अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझाते हुए सड़क जाम हटाने की अपील की, लेकिन ग्रामीण हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। जाम के कारण मुख्य सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इधर, मृतक के पिता उपेन्द्र झा ने बताया कि मेरे पुत्र की साजिश के तहत हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत के डीलर राजीव चौधरी का लाईसेंस रद्द करवाया था। इसी आक्रोश में आकर राजीव चौधरी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश के तहत मेरे पुत्र की हत्या की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मुखिया ने अपने पंचायत के विकास के लिए अनेकों महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। मृतक चार भाईयों में दुसरे नंबर पर था। इनके बड़े भाई मिथिलेश झा एवं छोटा भाई मधुकर झा दिल्ली में रहकर प्राईवेट नौकरी करते हैं। जबकि पुर्व में ही उनके छोटे भाई निरंजन झा की मौत हो गई है।
मालूम हो कि मृतक मुखिया प्रवीण झा अविवाहित थे। वे अमरपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके थे। साथ ही एकबार वे लोकसभा चुनाव के लिए भी नामांकन दाखिल किया था। बताया जाता है कि वे तमाम चुनावों में नामांकन दाखिल करने बैलगाड़ी का जुलूस लेकर पहुंचते थे, जो हमेशा इस क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा।
इस मामले में मृतक की भांजी श्वेता कुमारी ने भरको गांव निवासी राजीव चौधरी, अमरदीप चौधरी समेत चार लोगों को नामजद करते हुए अपने मामा मुखिया प्रवीण झा की हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए लि
खित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
बांका एसडीपीओ ने मौजुद ग्रामीणों को हत्या में शामिल लोगों की अविलंब गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया। करीब चार घंटे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर आक्रोशित लोगों ने सड़क से जाम हटाया। थानाध्यक्ष ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया है।

रिपोर्ट: केआर राव

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post