बांका: बांका जिले के चांदन प्रखंड मुख्यालय स्थित चांदन हाट की जमीन को सीओ द्वारा नापी कराने औऱ देर रात चोरी से उक्त सरकारी जमीन को राजद के पूर्व एमएलसी राकेश रंजन के कुछ लोगो द्वारा जमीन को चिन्हित कर पिलर देने को लेकर करीब एक हजार लोगों ने रविवार सुबह अपना आक्रोश व्यक्त किया। बाद में प्रामर्शी समिति अध्यक्ष सह प्रमुख रविश कुमार द्वारा लोगो को समझाने बुझाने औऱ सीओ से बातचीत कर काम बंद कराने एंव कागजात के आधार पर सही निर्णय देने के आश्वासन के बाद लोगो का गुस्सा शांत हुआ। इससे पूर्व भी इसी जमीन को लेकर मामला अंचल कार्यालय पर पहुंचा था। जिसके बाद आमलोगों द्वारा अनशन तक की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जिसमें समुचित निर्णय होने और उस जमीन को बिहार सरकार की जमीन घोषित होने के बाद मामला शांत हुआ था। पुनः उसी हाट की जमीन को दोबारा हासिल कर बेचने को लेकर नापी कराई गई । जिसकी जानकारी सुबह होते ही लोगों में आक्रोश भड़क उठा। बताया जाता है कि वह जमीन पूर्व से गैरमजरूआ मोकरीरदार दर्ज है। जिसका उपयोग सदा ही हाट के रूप में किया जा रहा है । लेकिन उक्त दबंग परिवार द्वारा उस जमीन को हड़पने के लिए सभी नये सीओ आने के बाद कोई ना कोई मामला खड़ा कर दिया जाता है। जबकि जनवरी माह में ही अंचलाधिकारी द्वारा उस जमीन का एनओसी पंचायत समिति सदस्य उषा देवी को साफ सफाई कराने के लिए निर्गत किया गया है। साफ-सफाई के बाद उस जमीन पर सप्ताह में दो दिन हाट भी लग रही है ।लेकिन फिर से उस जमीन की नापी से विवाद काफी बढ़ गया। इस
संबंध में सीओ प्रशांत शांडिल्य ने बताया कि जमीन नापी कराने की बात थी नापी करा दिया गया। आप जब तक रिपोर्ट नहीं आती है, तब तक किसी प्रकार का निर्माण कार्य उस जमीन पर नहीं होगा। उसके बाद भी सभी कागजात का मिलान करते हुए समुचित कार्यवाई की जाएगी। आक्रोशित लोगों की भीड़ को देखते हुए थाना की गश्ती टीम को कई बार निगरानी के लिए आना पड़ा। इस बीच उपस्थित आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को अंचल कार्यालय में आवेदन देने का भी निर्णय लिया है।

