गणपति बप्पा को नम आंखों से दी गई विदाई

रजौन (बांका):रविवार को प्रखंड क्षेत्र के गणपति क्लब संझा और युवा संघ पुनसिया बाजार सहित कई स्थानों पर तीन दिवसीय भगवान गणेश प्रतिमा का विसर्जन बहुत ही धूमधाम से किया गया। संझा एवं पुनसिया बाजार में विसर्जन जुलूस में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाए। साथ ही इस दौरान जमकर अबीर और गुलाल उड़ाए। इस बीच ढोल नगाडों एवं डीजे के धुन के बीच लोग मस्ती में नाच रहे थे। एक दूसरे पर रंग गुलाल फेंका जा रहा था। रविवार संध्या को प्रखंड के विभिन्न गली मोहल्लों एवं बाजारों में गणपति बप्पा की शोभा यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई अपने अपने नजदीकी तलाब पहुंचे। जिसके बाद जलाशयों में ले जाकर पूजा अर्चना के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन जुलूस में प्रखंड क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इससे पहले भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर उनसे अगले बरस रिद्धि व  सिद्धि सहित फिर से पधारने की प्रार्थना की गई। भगवान गणेश से उनकी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की गई। इस दौरान सभी की आंखें नम हो गई। प्रखंड क्षेत्रों में विसर्जन का दौर देर संध्या तक चलता रहा।

रिपोर्ट: केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post