मंदार में बिहार का दूसरा रोप-वे का सीएम नीतीश ने किया शुभारम्भ

बांका : जिला अंतर्गत धार्मिक मान्यताओं एवं आस्था के प्रतीक विश्व प्रसिद्ध मंदार पर्वत की चोटी अब सैलानियों के लिए दुर्गम और थकाऊ नहीं रहेगी। बिहार में राजगीर के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा हो रहे झमाझम बारिश के बीच मंदार पर्वत के शिखर तक पहुंचने के लिए बने आकाशीय रज्जु मार्ग यानी रोपवे का शुभारम्भ करने के साथ-साथ करीब 18 एकड़ जमीन पर मंदार जैव-विविधता संरक्षण क्षेत्र का भी शिलान्यास किया गया। रोपवे के चालू हो जाने से जहां मंदार में अब पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा वहीं इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। मालूम हो सैलानियों को परेशानियों से निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से मंदार पर्वत पर 7 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले रोपवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास 2015 में बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी एवं बिहार सरकार के तत्कालीन पर्यटन मंत्री डॉ. जावेद इक्वाल अंसारी द्वारा किया गया था। रोपवे के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बांका सदर प्रखंड अंतर्गत ओढ़नी डैम में पर्यटन प्रोजेक्ट के तहत किए गए सौंदर्यीकरण का भी निरीक्षण किया। मालूम हो कि ओढ़नी डैम में जिला प्रशासन की ओर से मोटर बोट से नौकायन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के बांका आगमन को लेकर अद्वैत मिशन हाईस्कूल के मैदान में बने हैलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान बांका के डीएम सुहर्ष भगत, एसपी अरविंद कुमार गुप्ता सहित जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे। इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पर्यटन विभाग मंत्री नारायण प्रसाद, ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, बांका के सांसद गिरधारी यादव, बिहार विधान पार्षद डॉ. एनके यादव व डॉ. संजीव कुमार सिंह, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री नीरज कुमार सिंह, कटोरिया विधानसभा के विधायक निक्की हेम्ब्रम, बांका के विधायक सह पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल, धोरैया के पूर्व जदयू विधायक मनीष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

रिपोर्ट: केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post