रजौन (बांका): रजौन थाना क्षेत्र के चिलकावर-असौता पंचायत के चिलकावर गांव में सोमवार को दोपहर बारिश के दौरान हुए वज्रपात के चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार चिलकावर गांव के भुल्ली यादव की पत्नी सरस्वती देवी (56 वर्ष) सठियारी बहियार स्थित अपने खेत में लगे धान की फसल से खरपतवार की सोहनी करने अकेली गई थी और अभी धान की फसल से एक मुट्ठी खरपतवार को ही निकाली थी, इसी बीच अचानक बारिश के साथ-साथ वज्रपात शुरू हो गई, जिसके चपेट में आकर महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, हालांकि घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को मिलने पर उसे आनन-फानन में रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन ड्यूटी पर तैनात डॉ. रेशमी ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साथ आए परिजन दहाड़ मार मारकर रोने-बिलखने लगे। मृतका अपने पीछे पति, पांच पुत्र एवं एक पुत्री सहित भरा पड़ा पूरा परिवार को छोड़ गई है। इस घटना से गांव से लेकर सीएचसी तक कोहराम मचा रहा। मृतका के शव को रजौन पुलिस ने अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दी है।
रिपोर्ट: केआर राव