बांका : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पांचवे चरण में बांका जिला के अमरपुर प्रखंड में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को मतदान संपन्न हो गया। अमरपुर के 19 पंचायतों में चुनाव संपन्न होने के साथ ही विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ रहे कुल 2156 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम एवं मतपेटी में बंद हो गए। महिलाओं ने पुरूष को पीछे छोड़ते हुए महिला सशक्तिकरण का दबदबा कायम रखीं। महिलाओं ने जहां 70.21 प्रतिशत तो वहीं पुरुषों ने 58.12 प्रतिशत मतदान किया। प्रखंड निर्वाची सह बीडीओ राकेश कुमार से मिली जानकारी के अनुसार कुल 93845 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 45554 पुरुष एवं 48291 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किए। अमरपुर में कुल मतदान का प्रतिशत 63.95 रहा। अमरपुर प्रखंड के कुछ बूथों को छोड़कर सभी बूथों पर ससमय सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। हालांकि, शुरूआती दौर में बूथों पर मतदाताओं की संख्या में कमी देखी गई, लेकिन बारह बजे के बाद बूथों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन समेत अन्य अधिकारीगण पूरी तरह मुस्तैद दिख रहे थे। मालूम हो कि अमरपुर प्रखंड में मुखिया पद के लिए 148 प्रत्याशी, सरपंच पद के लिए 129 प्रत्याशी, पंसस पद के लिए 156 प्रत्याशी, वार्ड सदस्य पद के लिए 1243 प्रत्याशी तथा पंच पद के लिए 480 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे थे। प्रखंड अंतर्गत 269 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिसमें 8 सहायक मतदान केंद्र थे। रविवार के दिन हुए चुनाव में सभी प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम एवं मतपेटी में बंद हो गए। मतों की गिनती आगामी 26 एवं 27 अक्टूबर को जिला मुख्यालय बांका स्थित पीबीएस कॉलेज में किए जाएंगे। मतदान के दिन पुरे ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सवी माहौल देखा गया।पंचायत चुनाव के मतदान को लेकर रविवार के दिन अधिकारियों का काफिला पुरे दिन प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा करते हुए आम लोगों से निष्पक्ष व भयमुक्त माहौल में मतदान करने की अपील करते दिख रहे थे। जिला निर्वाची सह जिला पदाधिकारी सुहर्ष भगत एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार गुप्ता अमरपुर प्रखंड के कई बूथों पर सशरीर पहुंचकर मतदान का निरिक्षण किए। जिला पदाधिकारी काफिले के साथ भरको हाईस्कूल पहुंचे, जहां बूथ के समीप लगी भीड़ को देखकर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए बूथ के समीप भीड़ एकत्रित नहीं करने का निर्देश दिए। अमरपुर लौटते समय बेवजह घरों के बाहर भीड़ इकट्ठा करने तथा दंड प्रक्रिया संहिता धारा-144 के उल्लंघन के आरोप में 36 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ करीब दो दर्जन बाईक एवं दो चार चक्का वाहन को जब्त किया गया, हालांकि देर शाम हिरासत में लिए लोगों को पीआर बॉण्ड पर छोड़ दिया गया। जिला पदाधिकारी एवं बांका एसपी की सख्ती देख असामाजिक तत्वों के लोगों का हौसला पस्त हो गया। अधिकांश लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। डीएम एवं एसपी ने काफिले के साथ मकदुमा, विशनपुर, भरको, रामपुर, पवई, गरीबपुर, कुशमाहा, चपरी, सुरिहारी, सुल्तानपुर, भदरिया आदि गांवों का दौरा कर बूथों पर मौजूद कर्मी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।रिपोर्ट: केआर राव
64 फीसद मतदान के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पांचवें चरण के तहत बांका के अमरपुर में पंचायत चुनाव हो गया सम्पन
byकुमुद रंजन राव
-
0