रजौन (बांका),:रविवार को सहायक थाना नवादा बाजार में दीपावली का त्यौहार एवं काली पूजा और छठ पर्व को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सीओ मोइनुद्दीन एवं पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार और प्रभारी थाना अध्यक्ष शिव शंकर यादव के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि जहां-जहां काली पूजा किया जाता है वहां पर पुलिस की ओर से निगरानी व्यवस्था रखी जाएगी। सीओ और पुलिस इंस्पेक्टर ने थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के गांवों से आए गणमान्य लोग एवं जनप्रतिनिधियों को दीपावली का त्यौहार एवं काली पूजा और छठ पर्व को कोविड गाइडलाइन के मद्देनजर सादगी एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। किसी प्रकार का आयोजन एवं जुलूस निकालने पर पूरी तरह पाबंदी की जानकारी दी गई। साथ ही क्षेत्रवासियों को चाइनीज पटाखों से दूर रहने को कहा गया। काली पूजा में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहने की बात कही गई। बिना लाइसेंस के पटाखे बेचने वालों पर प्रशासन द्वारा करवाई करने की भी बात कही गई। इस मौके पर दयाशंकर सिंह, भाजपा महामंत्री उत्तम कुमार, नंदलाल मंडल, डॉक्टर संतोष कुमार, अनिल कुमार सिंह, मो. नेशात आवर, बिंदेश्वरी यादव एवं आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्ट:केआर राव