रजौन (बांका): प्रखंड क्षेत्र में हरीतिमा परंपरा को मजबूत करते हुए बरौनी गाँव में हरित रजौन के सदस्य सह पर्यावरण प्रेमी शिक्षक राजीव रंजन ने अपने परिजन तरूण के तिलकोत्सव एवं प्रीतिभोज में आए कन्या पक्ष के मेहमानों सहित अन्य आगन्तुकों का स्वागत फलदार पौधा अमरूद देकर किया। बता दें कि इस दौरान अतिथियों के बीच 300 अमरूद का पौधा उपहार स्वरूप भेंट दिया गया। बताते चलें कि प्रखंड क्षेत्र के बरौनी गाँव के नित्यानंद सिंह के पुत्र तरूण कुमार उर्फ गगन की शादी बाराहाट प्रखंड के कोल्हथा गाँव के भानू शंकर की पुत्री कुमारी पूजा से हुई है। पर्यावरण संरक्षण की इस अनोखी आवभगत से मेहमानों के साथ-साथ ग्रामीण जन भी गदगद हो गए। मालूम हो बांका जिले में इस परंपरा की शुरुआत प्रखंड क्षेत्र के मशहूर पर्यावरण मित्र डॉ. रवि रंजन ने 28 दिसंबर 2012 को अपनी शादी के दिन से किया है। तभी से रजौन और इसके आस-पास क्षेत्रों में जन्मदिन, शादी, शादी की सालगिरह और श्राद्ध इत्यादि के अवसर पौध रोपण एवं वितरण का कार्यक्रम अब लोक परंपरा बन गई है। मौके पर हरित रजौन के दिलीप मंडल, राजीव रंजन, पवन कुमार दास, वरूण कुमार, महावती देवी, नीलू कुमारी, प्रवीण कुमार सिंह, योगेन्द्र प्रसाद सिंह, सुप्रिया रानी के साथ कई ग्रामीण एवं मेहमान उपस्थित थे।
रिपोर्ट: केआर राव