रजौन (बांका):रजौन प्रखंड के क्षेत्रों में गीदड़ द्वारा इंसानों को काटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे आवारा पशुओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी रजौन क्षेत्र के नवादा थाना अंतर्गत खरौनी गांव में गीदड़ ने हमला कर दो लोगों को काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जिसके बाद दोनो जख्मीयों को रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टर द्वारा उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार प्रखंड अंतर्गत खरौनी गांव के वार्ड नंबर-11 में खेत धान काटने के लिए गई 42 वर्षीय सुलेखा देवी और बाबूलाल सिंह की पुत्री 9 वर्षीय पायल कुमारी गीदड़ ने अचानक हमला कर दोनों को काटकर जख्मी कर दिया। गीदड़ द्वारा काटने की हल्ला सुनकर खेत में काम कर रहे कई लोग काम छोड़कर घर की ओर भागने लगे। लगातार गीदड़ के हो रहे हमले से क्षेत्र वासियों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि इन दिनों गीदड़ का एक झुंड रजौन क्षेत्र जा पहुंचा है, जिससे लगातार लोगों काटकर जख्मी किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन को जानकारी होने के बाद भी ऐसे आवारा पशुओं पर लगाम नहीं लगाई जा रही है। बता दें कि इसके पूर्व 6 नवंबर को भी बरौनी, मिर्जापुर, भदवा, मुरादपुर में गीदड़ ने एक दर्जन लोगों को काट कर जख्मी कर दिया था।
रिपोर्ट: केआर राव