रजौन (बांका): रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत लीलातरी गांव में एक किसान के साथ ठगी का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार लीलातरी गांव निवासी उमाकांत राव को एक अनजान नंबर से फोन कर बताया गया कि मैं पटना कृषि विभाग से बोल रहा हूँ क्षतिपूर्ति के नाम पर आपको पैसा मिलेगा, जिसको लेकर डाकघर में अकाउंट खुलवाने के लिए बोला गया। इसके बाद लीलातरी गांव के किसान उमाकांत राव ने पुनसिया डाक घर में अपना अकाउंट खुलवाया। इसके बाद पुनः फोन पर अकाउंट नंबर का पूरा डिटेल मांगा गया जिस पर किसान ने पूरा डिटेल दे दिया। जिसके बाद देखते ही देखते अकाउंट से 48 सौ रुपया ठग गिरोह ने उड़ा लिए। जिसके बाद उमाकांत राव के पुत्र गिरीश राव ने ऑनलाइन साइबर विभाग में ठगी से संबंधित मामला दर्ज कराया। जिसके बाद रजौन पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही है। इन दिनों प्रखंड क्षेत्र में क्षतिपूर्ति के नाम से कई किसानों को कॉल कर अकाउंट डिटेल मांगा जा रहा है। वहीं एटीएम रंजन कुमार ने बताया अभी क्षतिपूर्ति के नाम पर किसानों को कॉल करके खाता संख्या साइबर गिरोह के द्वारा लिया जा रहा है अगर ऐसी कोई क्षतिपूर्ति की बात होती हैं तो सबसे पहले पंचायत स्तर पर किसान सलाहकार इसकी जानकारी पंचायत में जाकर देते है। फिर उसे प्रखंड स्तर से जिला स्तर पर भेजा जाता है, इसलिए जिस किसी को भी पटना स्तर से या जिला स्तर से कॉल आता है तो सबसे पहले प्रखंड कृषि कार्यालय के पदाधिकारी से सम्पर्क कर पूरी जानकारी लेकर ही कोई निर्णय लेने को कहा।
रिपोर्ट :केआर राव